सूरजपुर में ‘धान घोटाला’: बंद खरीदी के बाद भी मंडी में सौदे जारी, वीडियो वायरल
1 min read
सूरजपुर। जिले में धान खरीदी का सीजन समाप्त हो चुका है, लेकिन बावजूद इसके अवैध रूप से धान खरीदी जारी रहने का मामला सामने आया है। देर रात ग्रामीणों द्वारा बनाए गए एक वीडियो में सिरसी धान खरीदी केंद्र में गुपचुप तरीके से धान की खरीदी होती नजर आई, जिसके बाद वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की मिलीभगत से यह गोरखधंधा चल रहा है। किसानों से औने-पौने दाम में धान खरीदा जा रहा है और उसे सरकारी रिकॉर्ड में दिखाने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा खेल लंबे समय से चल रहा है, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
वायरल वीडियो सामने आने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सिरसी धान खरीदी केंद्र में आखिर रात के अंधेरे में यह सौदेबाजी किसके इशारे पर हो रही है, यह सवाल अब उठने लगे हैं। किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य पर धान न खरीदकर कुछ व्यापारी और बिचौलिए निजी तौर पर धान खरीद रहे हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है।
प्रशासन की भूमिका संदिग्ध
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी ने इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की है और न ही कोई सफाई दी है। मामले को लेकर किसान संगठनों में भी रोष है, उनका कहना है कि यदि इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन की राह पकड़ सकते हैं।
फिलहाल, सवाल यह है कि जब सरकार ने धान खरीदी बंद कर दी है, तो सिरसी केंद्र में रात के अंधेरे में यह अवैध लेन-देन किसके संरक्षण में चल रहा है? क्या जिम्मेदार अधिकारी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं, या फिर इसमें बड़े स्तर पर मिलीभगत है? वायरल वीडियो ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि इस मामले पर कब तक कोई ठोस कार्रवाई होती है।
VIDEO:-